बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। कनिका 9 मार्च को ही लंदन से लौटी थीं। इसके बाद वे कम से कम 4 पार्टी और एक फैमिली फंक्शन में शामिल हुईं, जिनके सबूत हर कहीं मौजूद हैं। ऐसी ही एक पार्टी 13 मार्च को लखनऊ के ताज होटल में भी हुई थी। इसमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे बेटे दुष्यंत सिंह और बहू निहारिका के साथ मौजूद थीं। कनिका के कोरोना पॉजिटव होने की खबर के बाद वसुंधरा और दुष्यंत ने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया। हालांकि बात यहीं खत्म नहीं होती भाजपा सांसद दुष्यंत के ट्विटर अकाउंट से पता चलता है कि वे दो दिन पहले राष्ट्रपति भवन में हुए कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश और राजस्थान के 96 सांसद आए थे। सभी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की थी। इस कार्यक्रम की जारी तस्वीर में दुष्यंत राष्ट्रपति के ठीक पीछे खड़े दिख रहे हैं।
15 मार्च के बाद से दुष्यंत कम से कम तीन दिन लोकसभा भी पहुंचे थे और वहां की कार्यवाही में शामिल हुए थे। उनके संपर्क में आने वाले कई भाजपा और विपक्षी दल के नेता अब खुद को क्वारैंटाइन कर रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ ब्रायन, दुष्यंत के साथ ढाई घंटे बैठे थे। अब उन्होंने खुद को अलगथलग कर लिया है। इसी तरह अपना दल की सांसद अनुप्रिया पटेल, भाजपा सांसद वरुण गांधी और कांग्रेस सांसद दीपेंदर हुड्डा ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है। इनके अलावा यूपी के स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व सांसद जितिन प्रसाद ने भी खुद को अलग-थलग रहने का फैसला लिया है।